News Josh Live, 18 Sept, 2020
सिरसा के डबवाली इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक पर सवार होकर जा रहे पति पत्नी की मौत हो गई है। हादसा उस समय हुआ जब दोनों बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। तभी सामने बेसहारा पशु आ गया और दोनों गिर पड़े। पीछे से आ रही तेज रफ्तार जीप ने दोनों को कुचल दिया।
जानकारी के मुताबिक राजस्थान के पीलीबंगा निवासी लक्ष्मण और उनकी पत्नी महेंद्र कौर दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। घटना सुबह करीब छह बजे की है।
मोटरसाइकिल सवार दंपत्ति अबूबशहर के पास पहुंचा तो सामने से पशु आ गया जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे। इतने में ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार जीप ने दोनों को कुचल दिया जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद दोनों की पहचान हो गई और दोनों शवों को डबवाली अस्पताल में रखवाया गया। वहीं परिजनों को इस घटना की जानकारी दी गई।