News Josh Live, 07 Oct, 2020
कृषि कानूनों के विरोध में सिरसा में किसानों के धरना प्रदर्शन पर पुलिस ने अपना काम शुरु कर दिया है। पुलिस ने आज सुबह ही धरने पर बैठे सैंकड़ों किसानों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें योगेंद्र यादव, प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा भी शामिल हैं।
पुलिस ने बुधवार की सुबह आंदोलन पर बैठे किसानों को हटाना शुरु कर दिया था। किसान बरनाला रोड पर डटे हुए थे। जिसके बाद डीएसपी, एसडीएम की टीम मौके पर पहुंची और किसानों को हटाने का बाद यातायात व्यवस्था का सुचारू रुप से चालू किया।
पुलिस जवानों ने धरनास्थल पर मौजूद किसानों को पुलिस लाइन में भेज दिया है वहीं किसानों की बिछाई दरियां और मैट भी अपने कब्जे में ले लिये हैं। वहीं वाहनों की आवाजाही को वहां से शुरु कर दिया है।
कुछ समय पहले ही स्वराज पार्टी के नेता योगेंद्र यादव धरनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि वह यहीं धरना देंगे। इसके बाद योगेंद्र यादव वहां चौक पर अपने पांच-छह साथियों के साथ बैठ गए। बाद में पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया।