News Josh Live, 10 Oct, 2020
राजधानी से सटे हरियाणा के क्षेत्रों में बढ़ते प्रदूषण की समस्या को कम करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों में कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे, जो 24 घंटे कार्यरत रहेंगे। इसके लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। शुक्रवार को चंडीगढ़ में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता चीफ सेक्रेटरी विजय वर्धन ने की।
उन्होंने पर्यावरण प्रदूषण प्राधिकरण के निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करते हुए फरीदाबाद और गुरुग्राम जिलों में डीजल जनरेटर सेट के उपयोग पर प्रतिबंध (आवश्यक, आपातकालीन सेवाओं के अलावा) लगाने के निर्देश दिए। इन क्षेत्रों में बिना किसी अवरोध के ग्रिड से बिजली की आपूर्ति की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, ताकि डीजल जनरेटर की जरूरत को कम किया जा सके।
इधर प्रदेश में प्रदूषण का स्तर कई शहरों में तेजी से बढ़ने लगा है। फसल अवशेष जलने लगे हैं और वाहनों के अधिक संख्या में चलने से भी प्रदूषण के स्तर में बढ़ोत्तरी हो रही है। चिन्हित प्रदूषण हॉट-स्पॉट पर भूस्तरीय निगरानी और नाइट पेट्रोलिंग की अनुपालन की जाए।
एयर क्वालिटी इंडेक्स
• अम्बाला 180
• दादरी 239
• फरीदाबाद 220
• फतेहाबाद 183
• गुड़गांव 160
• हिसार 147
• जींद 207
• कैथल 132
• करनाल 136
• कुरुक्षेत्र 221
• नारनौल 147
• पलवल 147
• पंचकूला 110
• पानीपत 195
• रोहतक 170
• सिरसा 127
• सोनीपत 166
• यमुनानगर 261